वर्षा आने से क्या क्या परिवर्तन आते हैं? - varsha aane se kya kya parivartan aate hain?

मौसम चाहे कितना ही सुखद क्यों न हो, यदि वह लगातार कई सप्ताहों तक एक-सा बना रहता है तब भी लोग उससे ऊबने लगते हैं। वे उसमें परिवर्तन चाहने लगते हैं। अगर परिवर्तन नहीं होता तब भी उनका मूड निराशाजनक और उदास हो जाता है। लंबे समय तक एक-सा रहने वाला मौसम शारीरिक दृष्टि से भी लाभदायी नहीं होता।

मौसम उन वस्तुओं में से है जिन्हें हमें सहन करना ही पड़ता है। हम कहीं भी रहते हों-पृथ्वी की सतह पर ही नहीं, उसके गर्भ में अथवा अंतरिक्ष में भी- मौसम के प्रभाव से बच नहीं सकते। अपने जन्म से लेकर मुत्यु तक हमें उसके साथ ही रहना पड़ता है। हम उसमें किंचित मात्र भी परिवर्तन नहीं कर सकते। हम उससे प्रेम करें अथवा घृणा उसे झेलने के अतिरिक्त हमारे पास अन्य कोई चारा नहीं होता। साथ ही हम उससे हमेशा प्रभावित होते रहते हैं। यदि सुबह उठते ही हमें आकाश स्वच्छ और नीला दिखाई देता है, उस समय न तो अधिक गर्मी होती है और न ही सर्दी, मंद बयार बह रही होती है तब हमारा मन अपने–आप प्रसन्न हो उठता है। हम अपनी परेशानियों को भूलने लगते हैं और शारीरिक व्याधियों की पीड़ा में कमी महसूस करने लगते हैं। इसके विपरीत अगर सुबह ही सुबह बहुत तेज बारिश हो रही हो, आंधी बह रही हो, बहुत ठंडी हवा चल रही हो या हवा एकदम बंद हो, तब अनायास ही हम छोटी-छोटी बातों पर भी झल्ला उठते हैं। हमें हर बात पर खीझ आने लगती है। किसी भी काम में हमारा मन नहीं लगता।

इसी प्रकार अगर दिन में तेज बारिश हो रही है अथवा तेज आंधी चल रही है तब हमें अपने कार्यों को किसी ‘बेहतर दिन’ के लिए टालना पड़ सकता है। अगर हमें किसी जरूरी काम की वजह से बाहर निकलना ही पड़ता है। तब पूरी तैयारी के बावजूद भी हमें काफी मुश्किल का सामना करना पड़ जाता है। इसी प्रकार ठंडी रात अथवा तेज गर्म दोपहरी में भी हम, जहां तक हो सकता है, घर से बाहर कदम नहीं रखना चाहते। इसके विपरीत सुहाने मौसम में, वसंती रात में जब न ज्यादा गर्मी होती है और न ही अधिक सर्दी, लोग काफी देर तक बाहर घूमते रहते हैं। सर्दी के दिनों में, सुनहरी धूप में, लोग घंटों पार्क में बैठे रहते हैं या टहलते रहते हैं। सुहाने मौसम में कवि और लेखक तो झूम ही उठते हैं- उनके मस्तिष्क में अनायास ही उद्गार पैदा होने लगते हैं और उनकी लेखनी चलने के लिए मचल उठती है- आम आदमी भी, जो उन जैसा भावुक और संवेदनशील नहीं होता, मस्त हो जाता है। आज तक कोई भी ऐसा कवि नहीं हुआ जिसने चिलचिलाती धूप में अथवा गर्म और उमस भरी शाम को या ठिठुरती सर्द रात में श्रृंगार रस की कविता लिखी हो। ये मौसम उसके अच्छे-भले मूड को भी एकदम चौपट कर देते हैं।

वर्षा आने से क्या क्या परिवर्तन आते हैं? - varsha aane se kya kya parivartan aate hain?
वर्षा ऋतु में, विशेष रूप से आषाढ़-श्रावण के महीनों में (जुलाई-अगस्त के महीनों में), जब वातावरण का ताप 250 सै. या अधिक हो जाता है और वायु में नमी की मात्रा काफी अधिक (आपेक्षिक आर्द्रता 50 प्रतिशत से अधिक) हो जाती है, तब हम बेचैनी महसूस करने लगते हैं। जैसे-जैसे ताप और आर्द्रता बढ़ती जाती है, बेचैन हो उठने वाले व्यक्तियों की संख्या बढ़ने लगती है। ताप के 320 सैं. से ऊपर हो जाने पर तो शारीरिक व्याधियां भी आरम्भ हो जाती हैं।

मौसम हमारे शरीर, मन और भावनाओं, सबको, प्रभावित करता है। भीषण गर्मी के बाद जब एकाएक वर्षा होने लगती है तब वायुमंडल का ताप भी तेजी से गिर जाता है। ताप के इस अचानक गिर जाने के प्रभाव हमारे शरीर पर भी पड़ते हैं। कुछ लोग, विशेष रूप से बच्चे, बूढ़े और शारीरिक रूप से कमजोर व्यक्ति, इस प्रभाव के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं। वे जुकाम, बुखार, निमोनिया आदि के शिकार हो जाते हैं।

इसी प्रकार वर्षा ऋतु के बाद आश्विन और कार्तिक के महीनों में जब दिन में ताप काफी अधिक रहता है पर रात ठंडी होने लगती हैं, ज्वर फैलने हेतु लगभग ‘आदर्श स्थिति’ उत्पन्न हो जाती है।

सर्दी की ऋतु में जब हिमालयी क्षेत्र में जोरदार हिमपात हो जाता है उस समय “बर्फ पड़े शिमला में सर्दी दिल्ली में बढ़ जाए” कहावत के अनुसार न केवल दिल्ली और उसके आस-पास के क्षेत्र में वरन् पूरे उत्तर भारत में शीत लहर आ जाती है और इस लहर के साथ ही आ जाती हैं ज्वर और निमोनिया की लहर।

ऐसा हमारे देश के विभिन्न भागों में ही नहीं वरन् संसार के अनेक क्षेत्रों में होता हैं। आमतौर से गर्म जलवायु वाले मध्य अमेरिकी पठार में ‘नॉर्थर’ (उत्तरी ठंडी पवन) के अचानक आ जाने से अनेक लोगों को घातक निमोनिया हो जाता है। उत्तर अमेरिका के समशीतोष्ण कटिबंधीय क्षेत्र के आरंभिक वसंत का पल-पल परिवर्तनशील मौसम, लोगों का सिरदर्द बन जाता है।

गिरता हुआ वायुदाब और अपराधों में वृद्धि


यद्यपि मनुष्य हमेशा ही अपनी शारीरिक और मानसिक क्षमताओं पर पड़ने वाले मौसम के प्रभावों को महसूस करता रहा है पर इन प्रभावों का गहन अध्ययन आरंभ हुआ उन्नीसवीं सदी में। इसका कारण कदाचित् यह था कि उससे पहले ऐसे अध्ययन करने हेतु साधन उपलब्ध ही नहीं थे। उन्नीसवीं सदी तक विज्ञान और प्रौद्योगिकी की विभिन्न शाखाओं की समुचित प्रगति हो चुकी थी और उपयुक्त साधन उपलब्ध हो गए थे। इसलिए उस समय मौसम के बदलते तेवरों और मानवीय कार्यकलापों के बीच घनिष्ठ संबंधों पर गहन, योजनाबद्ध, अध्ययन आरंभ हुए। इनमें विभिन्न मौसमों में स्कूल की कक्षाओं में विद्यार्थियों के व्यवहार से लेकर पुस्तकालयों में पाठकों द्वारा गल्प पढ़ने मे रुचि, युवक-युवतियों में कोर्टशिप और डेटिंग, मियां-बीबी की तकरार, लोगों के अनायास गुस्सा हो उठने की अथवा अपनी खीझ उतारने की प्रवृत्ति, आपसी मार-पीट, चोरी और डकैती की वारदातें तथा हत्या जैसे अनगिनत मानवीय कार्यकलापों का अवलोकन किया गया। उनसे जो परिणाम मिले वे अत्यंत सनसनीखेज और अनुमानों से कहीं परे थे। उनमें पाया गया कि बैरोमीटर (वायुदाबमापी) के माप के गिरने और लोगों में चिड़चिड़ापन बढ़ जाने के बीच सीधा संबंध होता है। जैसे-जैसे बैरोमीटर का माप (वायुदाब) कम होता जाता है लोगों का चिड़चिड़ापन बढ़ता जाता है। अमेरिका के डॉ. एल्सवर्थ हटिंगटन ने अपनी पुस्तक ‘मेनस्प्रिंग्ज़ ऑफ सिविलिजेशन’ में इन सब का बहुत रोचक वर्णन किया है। इस पुस्तक में उन्होंने ओ.ई. डेक्सटर के प्रयोगों का भी विस्तृत उल्लेख किया है। उनके अनुसार सूखे मौसम में स्कूल में बच्चों को अनुशासन में रखने के लिए नम मौसम की तुलना में पांच गुना अधिक प्रयास करना पड़ता है। नम मौसम में बच्चे अधिक आज्ञाकारी और विनम्र रहते हैं। वायुमंडल में नमी की कमी होने के साथ-साथ उनमें अनुशासनहीनता बढ़ने लगती है।

अन्य ऋतुओं की तुलना में लोग सर्दियों में गंभीर विषयों की पुस्तकें अधिक पढ़ते हैं। सर्दियों में रजाई के अंदर घुस कर हल्की-फुल्की कहानियां पढ़ने का मन कम होता है।

मौसम और लोगों की हिंसक प्रवृत्तियों के बीच के संबंधों के बारे में किए गए अध्ययनों से पता चला है कि कड़कड़ाती ठंड में अपराध, विशेष रूप से मार-पीट संबंधी अपराध, बहुत कम होते हैं। शायद हिंसक प्रवृत्ति के व्यक्ति भी उस समय घरों के अंदर ही रहना अधिक पसंद करते हैं। पर जैसे-जैसे मौसम गर्माता जाता है हिंसक प्रवृत्ति उग्र से उग्रतर होती जाती है। इसलिए जुलाई के महीने में मार-पीट लूट-खसोट, हत्या आदि की वारदातें अधिक होती हैं। इस बारे में हमारे देश के उदाहरण भी दिए जाते हैं। पश्चिमी समाजशास्त्रियों के अनुसार वर्ष 1919 से 1941 के बीच भारत में हुए सांप्रदायिक दंगों में से एक-तिहाई अप्रैल से अगस्त तक के महीनों में ही हुए थे। ये महीने हमारे देश में, विशेष रूप से देश के उत्तरी भाग में, भीषण गर्मी और वर्षा के महीने होते हैं। इन महीनों में भी जून में, जब मानसून का आगमन होने लगता है और वायुमंडल का ताप एकदम गिर जाता है दंगों में कुछ कमी देखी गई है। पर जुलाई मास में दंगों की वारदातें फिर बढ़ती पायी गई हैं।

मनुष्य के कार्यकलापों पर पड़ने वाले मौसम के प्रभाव के बारे में एक विचित्र बात और भी है। मौसम चाहे कितना ही सुखद क्यों न हो, यदि वह लगातार कई सप्ताहों तक एक-सा बना रहता है तब भी लोग उससे ऊबने लगते हैं। वे उसमें परिवर्तन चाहने लगते हैं। अगर परिवर्तन नहीं होता तब भी उनका मूड निराशाजनक और उदास हो जाता है।

लंबे समय तक एक-सा रहने वाला मौसम शारीरिक दृष्टि से भी लाभदायी नहीं होता। उसके फलस्वरूप हमारा शरीर मौसम-परिवर्तनों के प्रति अधिक संवेदनशील हो जाता है। उस पर उनके अपेक्षाकृत अधिक तीव्र प्रभाव पड़ने लगते हैं।

फ्रांस के दक्षिणी भाग में लगातार बहने वाली कोष्ण और नम पवन ‘वेन्त दु मिदि’ को लोग सिर दर्द, आमवातिक पीड़ा, मिर्गी और दमा के दौरों के लिए जिम्मेदार ठहराते हैं। इसी प्रकार टेंजिअर (अफ्रीका) के निवासी भूमध्यसागर से आने वाली “लवैंतर” पवन को भी सिरदर्द और दमनकारी भावनाओं के लिए उत्तरदायी समझते हैं। अफ्रीका के उत्तरी भागों के निवासियों का मत है कि सहारा रेगिस्तान से आने वाली गर्म, धूलभरी पवन, “सिरोक्को” लोगों को इस हद तक डिप्रैस कर देती है कि वे आत्महत्या करने पर भी उतारू हो जाते हैं।

यदि लंबे समय तक एक से बने रहने वाले मौसम को बहुत उबाऊ, निराशाजनक और अनेक शारीरिक व्याधियों का कारण समझा जाता है तब मौसम में होने वाले अचानक परिवर्तन भी अनेक ‘गड़बड़ियां’ उत्पन्न कर देते हैं- विशेष रूप से उस समय जब परिवर्तन चक्रवातीय तूफान के रूप में होता है। इस प्रकार के परिवर्तन तीव्र एपेंडिसाइटिस, विभिन्न प्रकार की श्वसन व्याधियों और आत्महत्या तक की वारदातों में बहुत वृद्धि कर देते हैं।

वे लोग भी, जो स्वयं चक्रवात से प्रभावित नहीं होते, उसके आने से पहले की परिस्थितियों- वायुदाब में एकाएक कमी हो जाने और नमी की मात्रा में वृद्धि हो जाने- से प्रभावित होने लगते हैं। उन्हें महसूस होने लगता है कि इन परिस्थितियों में उनकी सामान्य मानसिक दक्षता कम हो गयी है। वे कोई कठिन मानसिक कार्य नहीं कर पाते। साथ ही उनमें “निरर्थकता” की भावना घर करने लगती है। इन परिस्थितियों में बच्चे जिद्दी हो जाते हैं और वयस्क झगड़ालू। ऐसे समय पति-पत्नी की तकरारें भी बढ़ जाती हैं। पर जैसे-जैसे वायु दाब बढ़ने लगता है, हवा ठंडी होने लगती है और उसमें नमी की मात्रा घटने लगती है लोगों की मानसिक स्थिति में सुधार होने लगता है।

प्राकृतिक आपदाएं और मौसम


समझा जाता है कि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली धन और जन की कुल हानि में से 60 प्रतिशत से भी अधिक मौसमी घटनाओं के कारण ही होती है। अगर भूस्खलनों और जंगल के अग्निकांडों से होने वाली हानि भी शामिल कर लें तब धन और जन की हानि का प्रतिशत बढ़कर 85 हो जाता है।

इस बारे में सबसे अधिक दुख की बात यह है कि प्राकृतिक आपदाओं से सबसे अधिक हानि विकासशील देशों में होती है। इन आपदाओं में काल के ग्रास बन जाने वाले व्यक्तियों में से नब्बे प्रतिशत विकासशील देशों के निवासी ही होते हैं। वर्ष 1991 में बांग्लादेश में आए एक चक्रवात ने 1,38,000 व्यक्तियों को मौत के घाट उतार दिया था। इससे पहले 1942 में आए चक्रवात ने भी बंगाल में अत्यंत भीषण तबाही मचायी थी। वैसे 1977 में आंध्र तट पर आए और 1998 में कांडला (गुजरात) में आए चक्रवातों की तबाहियां अत्यंत लोमहर्षक थीं।

यदि चक्रवात और टोरनेडो के आतंक लोगों की नींद हराम कर देते हैं तो साल-दर-साल पड़ने वाले सूखों की याद आते ही लोग सिहर उठते हैं। रेगिस्तान में चलने वाली धूल भरी आंधियां, रूस जैसे ठंडे प्रदेशों में आने वाले बर्फीले अंधड़, कई दिनों तक लगातार होने वाली वर्षा, भीषण हिमपात आदि मौसम के ऐसे रूप हैं जिनसे मनुष्य सदा भय खाता रहा है।

इतिहास का निर्माता भी


मौसम केवल हमारे दैनिक कार्यकलापों को ही प्रभावित नहीं करता, वरन् वह हमारे भोजन, वस्त्र, रहन-सहन आदि के तरीकों और यहां तक कि हमारे स्वभाव को भी बदल देता है। ठंडे, बर्फीले प्रदेशों और गर्म क्षेत्रों के निवासियों के भोजन, वस्त्र और रहन-सहन के तरीकों में अत्यधिक अन्तर होता है। सूखे, मरुस्थल प्रदेश के लोग उस भांति नंगे बदन नहीं रह पाते जैसे भूमध्यरैखिक प्रदेशों के लोग, जहां वर्ष भर वर्षा होती है। कहा जाता है कि ब्रिटेन के निवासियों को अच्छा नाविक बनाने में वहां के उस मौसम का बहुत हाथ है जो उसके इर्द-गिर्द के सागरों को कड़ाके की ठंड में भी जमने नहीं देता। यह मौसम कोष्ण जलधारा, गल्फ स्ट्रीम, द्वारा बहुत बड़ी मात्रा में लायी जाने वाली ऊष्मा के फलस्वरूप उत्पन्न होता है।

गर्म और सूखे राजस्थान के लोगों का हठीला स्वभाव और उनकी जुझारु प्रकृति रेगिस्तान के मौसम का ही परिणाम है। बंगाल और केरल के निवासियों की संगीत तथा अन्य ललित कलाओं में रुचि की पृष्ठभूमि में वहां के मौसम का स्पष्ट आभास है।

मौसम “इतिहास का निर्माता” भी रहा है और उसने अनेक युद्धों को निर्णायक रूप से प्रभावित भी किया है। रूस के जार का यह कथन कि “मेरे दो सेनापति, जनवरी और फरवरी, मुझे कभी धोखा नहीं देते” अतिश्योक्ति नहीं थी। वहां इन दो माहों में इतनी कड़ाके की ठंड पड़ती है कि अन्य ठंडे देशों के निवासी भी उसे सहन नहीं कर पाते। नेपोलियन, जिसे विश्व का सर्वाधिक कुशल सेनापति माना जाता था, अपनी विजय के उन्माद में जार का यह कथन भूल गया और रूस को पूर्ण रूप से पद्दलित करने की इच्छा से आगे बढ़ता ही गया। अन्त में उसे इन रूसी “सेनापतियों” का सामना करना पड़ा और परिणाम हुआ उसकी सेना की भीषण तबाही और शर्मनाक वापसी। इसी प्रकार द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान हिटलर की सेनाओं को भी रूसी सर्दी का शिकार होकर पीछे हटना पड़ा था और अंत में पराजय का मुंह देखना पड़ा था।

द्वितीय विश्वयुद्ध की ही एक और महत्वपूर्ण घटना को भी मौसम ने अत्यधिक प्रभावित किया था। वह थी मित्र सेनाओं का नॉरमंडी (फ्रांस के तट) पर अवतरण। वर्ष 1942 के बाद जर्मन सेनाओं को निरन्तर पीछे हटना पड़ रहा था और 1944 तक पीछे हटते-हटते वे यूरोप में ही वापस आ गयी थीं। उस समय मित्र राष्ट्रों ने “दूसरा” मोर्चा खोलने के उद्देश्य से नॉरमंडी में, जो उस समय तक जर्मनी के कब्जे में था, अपनी सेनाएं उतारने की योजना बनाई। वे मई, जून तथा जुलाई महीनों में किसी भी समय जब मौसम उपयुक्त हो और सागर में ऊंचे ज्वार व लहरे न उठ रही हों, इस योजना को कार्यान्वित करना चाहते थे। इसलिए मित्र राष्ट्रों के उच्च कमान ने मौसम विशेषज्ञों से सलाह मांगी। इसके लिए उन्होंने दो तारीखें सुझायीं- 5 जून और 20 जून। उच्च कमान ने 5 जून को चुना। पर उस दिन सब पूर्वानुमानों को झुठला कर तेज तूफान आ गया। इसलिए सेना उतारने के कार्य को अगले दिन, यानी 6 जून, के लिए स्थगित कर दिया गया। पर उस दिन भी न तो आकाश साफ हुआ और न ही सागर शांत। इधर मित्र राष्ट्रों के उतावले सैनिकों को और नहीं रोका जा सकता था इसलिए उस समय जब आकाश में घने बादल छाए हुए थे और सागर में ऊंची-ऊंची लहरे उठ रही थीं, मित्र सैनिक नॉरमंडी के तट पर उतर गए।

उधर जर्मन सैन्य अधिकारियों का यह अनुमान था कि ऐसे खराब मौसम में शत्रु सेनाएं नॉरमंडी के तट पर नहीं उतरेंगी। इसलिए वे मुकाबले के लिए तैयार नहीं थे और उनके सतर्क होने से पहले ही मित्र राष्ट्रों की सेनाओं ने उन पर धावा बोल दिया। अंततः जर्मन सेनाओं को पीछे हटना पड़ा और कुछ महीनों बाद उन्हें पूर्ण पराजय का भी मुंह देखना पड़ा। बाद में मित्र राष्ट्रों के सर्वोच्च सेनापति, आइजेनहावन ने अपनी विजय के लिए 6 जून 1944 के मौसम को “धन्यवाद” दिया। वैसे इस बारे में मजेदार बात यह भी है कि मौसम विशेषज्ञों द्वारा सुझायी गई दूसरी तारीख (20 जून, 1944) को भी इतना जोरदार तूफान आया जितना पिछले 20 वर्षों में कभी नहीं आया था। चीन और जापान में आने वाले चक्रवात “टाइफून” कहलाते हैं। ये हमारे देश में आने वाले चक्रवातों से कहीं अधिक विनाशकारी होते हैं। पर तेरहवीं शताब्दी के एक टाइफून ने जापान को गुलाम बनने से बचा लिया था। उस समय चीन में मंगोल बादशाह, कुबलई खां, का राज्य था। जापान को पद्दलित करने के इरादे से उसने उस पर आक्रमण कर दिया। अपने देश की रक्षा के लिए जापानी बहुत वीरता से लड़े और उन्होंने अपनी भूमि पर कुबलई खांन के सैनिकों को उतरने नहीं दिया। उसी समय एक भयानक टाइफून आ गया। उसने कुबलई खां के जंगी जहाजों को डुबोना शुरू कर दिया। अंत में कुबलई खां के सामने अपनी हार स्वीकार करके पीछे लौटने के सिवाय कोई चारा नहीं बचा।

उसी समय से जापान में टाइफून को “कमीकाजे” (दैवी पवन) कहा जाने लगा। द्वितीय विश्व युद्ध में स्वयं की आहुति देकर शत्रु के जहाजों को डुबो देने वाले जापानी पायलटों को भी “कमीकाजे” कहा जाता था। हमारे देश में भी ऐसे दृष्टांतों की कमी नहीं है जब मौसम ने युद्ध में निर्णायक भूमिका अदा की थी। शेरशाह ने हुमायूं को हराने में मौसम की भी भरपूर मदद ली थी। जब हुमायूं ने शेर खां (उस समय तक उसने शेरशाह की उपाधि ग्रहण नहीं की थी) के विद्रोह को दबाने के लिए बिहार पर आक्रमण किया तब शेर खां बंगाल की ओर भागता रहा। उसका पीछा करता हुआ हुमायूं भी बंगाल में जा पहुंचा। उस समय बंगाल में वर्षा आरंभ हो गई। गंगा तथा अन्य नदियों में भयंकर बाढ़ आ गई और दिल्ली वापस जाने के सब रास्ते बंद हो गए। पर हुमायूं निश्चिंत होकर वहां अड्डा जमाए रहा। अब शेर खां अपनी “मांद” से निकला और उसने हुमायूं की सेना पर जोरदार आक्रमण कर दिया। युद्ध में हुमायूं की सेना बुरी तरह पराजित हुई। स्वयं हुमायू भी अपनी जान बड़ी मुश्किल से बचा पाया। इतिहास साक्षी है कि वह गंगा में कूद पड़ा था और एक भिश्ती ने उसकी जान बचायी थी।

भीषण दुर्घटनाओं का कारण भी


सन् 1984 की 2 और 3 दिसंबर के बीच की रात में लगभग एक बजे एक अत्यंत विनाशकारी दुर्घटना घटी थी जिसने भारत में ही नहीं पूरे विश्व में तहलका मचा दिया था। उस रात भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड के कारखाने से जहरीली गैंसें, फास्जीन और मेथिल आइसोसायनेट निकलने लगी थीं। वे इतनी विशाल मात्रा में निकल रही थीं कि कुछ क्षणों में ही आसपास की घनी आबादी में पूरी तरह छा गयीं। वे खिड़कियों और दरवाजों की झिरियों से घरों में घुसने लगीं और सोते हुए आदमियों का, बिना किसी पूर्व-चेतावनी के, संहार करने लगीं। दम घुटने के प्रथम अहसास के बाद जिन लोगों ने ताजी हवा के लिए घरों की खिड़कियों और दरवाजे खोले उन्होंने तो निश्चय ही मौत को निमंत्रण दे दिया। इससे ये घातक गैसें एकदम घरों में घुस आईं और उन्होंने बहुत शीघ्रता से मनुष्यों को काल के गाल में पहुंचाना आरंभ कर दिया।

अगली सुबह तक जहरीली गैसों का ‘भंडार’ समाप्त हो गया था और वे वायुमंडल में पूरी तरह विलीन हो चुकी थीं। उनकी सांद्रता इतनी क्षीण हो गई थी कि वे और अधिक हानि नहीं पहुंचा सकती थीं। पर उस समय तक वे लगभग 2500 व्यक्तियों को मृत्यु की गोद में सुला चुकी थीं और लाखों व्यक्तियों को जीवन भर के लिए अपंग बना चुकी थीं। फलस्वरूप हजारों व्यक्ति आज भी (दुर्घटना के लगभग 18 वर्ष बाद भी) शारीरिक व्याधियां झेल रहे हैं और अपनी पूरी जिंदगी झेलते रहेंगे।

उक्त दुर्घटना के बारे में, विशेष रूप से उसके विस्तार के बारे में, अनेक अनुमान लगाए गए हैं। कुछ विशेषज्ञों का मत है कि अगर दुर्घटना की रात को वर्षा हो रही होती अथवा आंधी चल रही होती तब उसके दुष्परिणाम इतने भयंकर नहीं होते। वर्षा के फलस्वरूप घातक गैसें पानी में घुलकर अथवा उसके साथ बहकर शीघ्र ही धरती पर आ जातीं और वायुमंडल उनसे मुक्त हो जाता।

ऋणायनों में ऑक्सीजन के आयनों की संख्या काफी होती है और वे मनुष्य के लिए हितकारी होते हैं। धनायनों में कार्बन डाइऑक्साइड के आयन काफी मात्रा में होते हैं जो मनुष्य के लिए हानिकारक होते हैं। वायुमंडल में धनायनों की संख्या में वृद्धि करने वाले कारकों में धूम-धुंध, जीवाश्म ईंधनों का जलना, वातानुकलन उपकरणों का प्रचालन आदि शामिल हैं।

बारिश आने पर क्या परिवर्तन होते हैं?

वर्षा के आने पर वातावरण में ठंड बढ़ जाती है तथा गर्मी कम होने लगाती है। सड़क किनारो तथा गड्ढो में पानी भर जाता है। अत्याधीक पानी जमा होने कारण वह पानी सड़को पर आने लगता है। जिससे लोग को आने जाने में असुविधा होने लगती है।

वर्षा से क्या लाभ होते हैं?

वर्षा के लाभ —.
वर्षा से गर्मी का प्रकोप कम होता है और वातावरण में शीतलता आती है।.
वर्षा होने से ही किसानों के लिए खेती हेतु पानी मिलता है और फसलें विकसित होती हैं।.
वर्षा पीने के पानी का एक स्रोत भी है। बहुत सी जगह ऐसी हैं जहां वर्षा का पानी संचयन कर उसी को पूरे साल पीने के पानी के रूप में उपयोग में लाया जाता है।.

वर्षा ऋतु में क्या क्या होता है in Hindi?

वर्षा ऋतु में कड़कड़ाती और चिलचिलाती धूप से निजात मिलता है। धरती पर पानी के मुख्य स्रोत जैसे नदियाँ, तालाब, झरने और कुँवों में वर्षा ऋतु के होने से पानी भर जाता है, जिससे वातावरण में ठंडी हवाएँ चलने लगती है। वर्षा ऋतू के सुहाने मौसम के आने से गर्मी से इंसानों, जानवरों और जीत जंतुओं, पेड़-पौधे सभी को राहत मिलती है।

बरसात आने पर प्रकृति में क्या बदलाव होता है दो या तीन वाक्यों में लिखिए?

बरसात का मौसम सभी जीव के लिए शुद्ध पानी देता है। मछलियाँ अंडे देने के लिए आती हैं, वन्य जीवन में प्रजनन प्रणाली फिर से शुरू होती है। बरसात का मौसम मिट्टी को बहुत अच्छी तरह से उर्वरित करता है। प्रकृति फूलों से खिलती है और हमारे लिए फल पैदा करती है, ताकि हम भूखे न रहें।